हूल दिवस पर झामुमो ने सिद्धू-कानू को दी श्रद्धांजलि, शहीदों के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

हूल दिवस पर झामुमो ने सिद्धू-कानू को दी श्रद्धांजलि, शहीदों के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

सरायकेला, 30 जून : हूल दिवस के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सरायकेला-खरसावां जिला समिति की ओर से मंगलवार को सरायकेला जिला मुख्यालय स्थित सिद्धू-कानू पार्क में वीर शहीद सिद्धू-कानू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने किया।

श्रद्धांजलि समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि, झामुमो के केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो, जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती, उमेश भोल, कृष्णा राणा, पंकज साहू, रितेश ज्योतिषी, नरेन सोरेन, प्रखंड अध्यक्ष सुरेश हेंब्रम सहित आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक पूजा-अर्चना कर वीर शहीदों को नमन किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि 30 जून 1855 का संथाल हूल केवल एक विद्रोह नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन, स्वाभिमान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए छेड़ा गया ऐतिहासिक जनआंदोलन था। उन्होंने कहा कि सिद्धू-कानू, चांद-भैरव तथा फूलो-झानो ने अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध जो संघर्ष किया, वह आज भी समाज को अन्याय के खिलाफ डटकर खड़े होने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा शहीदों के आदर्शों पर चलते हुए राज्य के गरीब, आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेगा। हूल दिवस हमें अपने इतिहास, संस्कृति और विरासत को संजोते हुए न्याय, समानता और जनहित के लिए निरंतर संघर्ष करने का संदेश देता है।

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि संथाल हूल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की पहली संगठित जनक्रांति थी, जिसने शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि सिद्धू-कानू, चांद-भैरव और फूलो-झानो का बलिदान पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और शहीदों के संघर्षों से परिचित कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने वीर शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने तथा उनके आदर्शों और संघर्षों को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Share This Article