रांची मंडल में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को सम्मानपूर्ण विदाई, साइबर ठगी से बचाव की दी गई जानकारी
रांची, 30 जून : दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल द्वारा मंगलवार को हटिया स्थित डीआरएम कार्यालय सभागार में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वर्षों तक रेलवे की सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके समर्पण, अनुशासन और कार्यनिष्ठा की सराहना की गई।
समारोह में अधिकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान रेलवे के विकास और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अनुभव, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से वर्तमान एवं भावी रेलकर्मियों को निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी। इस दौरान सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र भेंट कर उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए साइबर सुरक्षा पर विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। अधिकारियों ने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, यूपीआई और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सभी को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर बिना सत्यापन के कोई कार्रवाई न करें। साथ ही, साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल संबंधित बैंक और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीणा, असिस्टेंट पर्सनल ऑफिसर (एपीओ) सहित रांची मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त रेलकर्मी उपस्थित रहे।