शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का लिया संकल्प

चांडिल, 28 जून : समाज सेवा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए संयोग सेवा फाउंडेशन के कार्यालय का भव्य उद्घाटन रविवार को रांगाखेलना, आसनबनी (काली मंदिर के पीछे), पारडीह में किया गया। इस अवसर पर आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्क्रमित मध्य विद्यालय, फदलोगोड़ा की प्रधानाध्यापिका मीनू थीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी तरुण महतो एवं गोपेश महतो उपस्थित रहे। अतिथियों ने फीता काटकर फाउंडेशन कार्यालय का उद्घाटन किया तथा संस्था की जनसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रक्तदान जैसी सामाजिक पहलों की सराहना की।
इस अवसर पर फाउंडेशन के निदेशक सजल महतो एवं आकाश महतो ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक विकास, खाद्य वितरण, आपदा राहत तथा अन्य जनकल्याणकारी सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस सेवा अभियान से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ। फाउंडेशन की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में फाउंडेशन के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें सुनील महतो, अजय तंतुबाय, दीपक महतो, चंदन कुमार, संतोष महतो, नरेश महतो, बिश्वजीत महतो, गुणाधर महतो, कुश महतो, शिबू महतो, राहुल शर्मा और लल्टू महतो सहित अन्य सहयोगियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन की ओर से सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, एमजीएम अस्पताल की टीम, मीडिया प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, रक्तदान और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों को निरंतर संचालित करने का संकल्प दोहराया गया।