सरायकेला रथ मेला की तैयारियां तेज, मनोज कुमार चौधरी लगातार 19वीं बार बने श्री जगन्नाथ रथ मेला समिति के अध्यक्ष

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सरायकेला, 28 जून : ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथ मेला के सफल आयोजन को लेकर रविवार को मौसीबाड़ी, सरायकेला में श्री जगन्नाथ रथ मेला समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी रथ मेला की तैयारियों, व्यवस्थाओं और समिति के पुनर्गठन पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान समिति ने सर्वसम्मति से नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी को लगातार 19वीं बार निर्विरोध श्री जगन्नाथ रथ मेला समिति का अध्यक्ष चुना।

समिति के पुनर्गठन में गोविंद साहू एवं भोला महंती को उपाध्यक्ष, छोटेलाल साहू को सचिव, रूपेश साहू को संस्कृति सचिव तथा सुशांत महापात्र को वेश सज्जाकार की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति के सभी सदस्य पहले की तरह एकजुट होकर सरायकेला की ऐतिहासिक एवं धार्मिक परंपरा के अनुरूप रथ मेला को भव्य, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

उन्होंने बताया कि 16 जुलाई 2026 को भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा महाप्रभु मंदिर से रथारूढ़ होकर नगर भ्रमण करते हुए मौसीबाड़ी (गुंडिचा मंदिर) पहुंचेंगे। एक रात्रि विश्राम के बाद 17 जुलाई को भगवान का गुंडिचा मंदिर आगमन होगा। इसी दिन सुबह 11 बजे से 15 दिवसीय ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथ मेला का शुभारंभ किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि 21 जुलाई को आयोजित होने वाले तारणी व्रत में हजारों महिलाएं अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना करेंगी।

बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि मेले के मुख्य मार्ग पर मांस एवं अंडे की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, ताकि धार्मिक वातावरण की पवित्रता और गरिमा बनी रहे।

इस वर्ष मेले में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के मनोरंजन के लिए बिजली झूला, नौका झूला, ब्रेक डांस, मिक्की माउस, जलपरी शो सहित कई आधुनिक मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहेंगे। महिलाओं के लिए मीना बाजार, बच्चों के लिए आकर्षक झूले और खिलौनों की दुकानें, चाट-भेलपुरी सहित विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल, भगवान के प्रसाद के लिए खाजा-लड्डू की दुकानें तथा घरेलू एवं सजावटी सामानों की कई दुकानें भी मेले का आकर्षण बढ़ाएंगी।

वहीं, इस वर्ष आयोजित होने वाली देव सभा में भगवान श्रीकृष्ण का विश्वरूप, अनंत शैया तथा समुद्र मंथन की भव्य झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

बैठक में वार्ड पार्षद गौतम नायक, ब्रह्मानंद महापात्र, सानो आचार्य, सुमित महापात्र, मानु सतपति, शुभम कर, मुकेश साहू, दिनेश साहू, अनूप साहू, राजीव मिश्रा, कुनाल साहू, दीपक महतो, नेपाल मोदक, ब्लू मोदक, रितिक साहू, परेश मोदक, गौरांग आचार्य सहित समिति के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि सरायकेला की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले श्री जगन्नाथ रथ मेला को इस वर्ष भी भव्य, सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए यादगार बनाया जाएगा।

Share This Article