मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय, 30 जून से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय, 30 जून से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ

सरायकेला, 25 जून : मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) कार्यक्रम के तहत जिले में व्यापक तैयारी की जा रही है। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से न हटे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले एन्यूमरेशन चरण के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे। सभी मतदाताओं को आवश्यक जानकारी भरकर, नवीनतम फोटो चिपकाकर और हस्ताक्षर कर प्रपत्र बीएलओ को जमा करना होगा। मैप्ड और अनमैप्ड दोनों श्रेणी के मतदाताओं के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य होगी।

उपायुक्त ने बताया कि इस चरण में किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे। हालांकि सत्यापन अवधि के दौरान चिन्हित मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे। जिन मतदाताओं या उनके माता-पिता का नाम पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-अभिप्रमाणित प्रति जमा करनी होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य से बाहर रहने वाले प्रवासी श्रमिक, छात्र अथवा अन्य मतदाता भी अपने परिवार के किसी वयस्क सदस्य के माध्यम से या ईसीआईनेट पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए गणना प्रपत्र प्राप्त कर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

प्रेस वार्ता में उपायुक्त ने जिले में चल रहे मतदाता मैपिंग कार्य की प्रगति की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 जून 2026 तक जिले के कुल 8 लाख 91 हजार 829 मतदाताओं में से 7 लाख 33 हजार 612 मतदाताओं, अर्थात 82.23 प्रतिशत का मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है।

विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार इचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 88.42 प्रतिशत, खरसावां विधानसभा क्षेत्र में 89.78 प्रतिशत तथा सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में 72.84 प्रतिशत मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष मतदाताओं का विवरण विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अद्यतन किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी।

प्रेस वार्ता में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रारूप सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share This Article