100 दिन पूरे होने पर नगर पंचायत सरायकेला ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड, जल्द शुरू होगा ‘नगर पंचायत आपके द्वार’ अभियान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 24 जून : नगर पंचायत सरायकेला के वर्तमान बोर्ड ने कार्यभार संभालने के 100 दिन पूरे होने पर बुधवार को नगर पंचायत सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर अपनी उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि एवं वार्ड पार्षदों द्वारा पौधों में जल अर्पित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए की गई।

अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि बीते 100 दिनों में नगर की स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उन्होंने बताया कि 22 दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जल शोधन केंद्र और जलापूर्ति व्यवस्था का तकनीकी निरीक्षण कराया गया तथा पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में पहल शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि विशेष शिविरों के माध्यम से करीब 200 परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा गया, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 150 पात्र परिवारों से आवेदन प्राप्त किए गए। इसके अलावा कई नागरिकों को घर पहुंचकर जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर अध्यक्ष ने जल्द ही ‘नगर पंचायत आपके द्वार’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत विभिन्न वार्डों में शिविर लगाकर आवास, आयुष्मान, पेंशन तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।

कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान और प्रधानमंत्री आवास योजना में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष ने कहा कि 100 दिन किसी उपलब्धि का अंत नहीं, बल्कि सरायकेला के विकास की लंबी यात्रा की मजबूत शुरुआत है।

Share This Article