आधी रात आग से उजड़ा आशियाना, प्रशासन ने संभाला सहारा – राहत सामग्री पहुंची, आवास दिलाने का भरोसा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आधी रात आग से उजड़ा आशियाना, प्रशासन ने संभाला सहारा – राहत सामग्री पहुंची, आवास दिलाने का भरोसा

जमशेदपुर/पटमदा, 22 जून : पटमदा प्रखंड के गोबरघुसी गांव में आधी रात लगी भीषण आग ने एक परिवार का आशियाना पलभर में उजाड़ दिया। अग्निकांड में निर्मल सिंह का फूस (पुआल) से बना मकान जलकर खाक हो गया, जिससे घर में रखे अनाज, कपड़े, घरेलू उपयोग की सामग्री एवं अन्य जरूरी सामान नष्ट हो गए। हालांकि समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया जाता है कि 20 जून की देर रात परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान तेज गर्मी महसूस होने पर उनकी नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो मकान की छत आग की लपटों में घिरी हुई थी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति जल चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर गोबरघुसी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि खगेन्द्र नाथ सिंह और उपमुखिया प्रतिनिधि नीलरतन पाल ने प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग की। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने स्वयं गांव पहुंचकर क्षति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन की ओर से तत्काल तिरपाल एवं खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध कराई गई। डॉ. दास ने आश्वस्त किया कि सरकारी नियमों के तहत हरसंभव सहायता दी जाएगी तथा पात्रता के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्राथमिकता से आगे बढ़ाई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान समाजसेवी विश्वनाथ महतो, इतुमानी सिंह, बुन्टू सिंह, वार्ड सदस्य सनारतन सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन की त्वरित पहल से संकटग्रस्त परिवार को राहत मिली है।

Share This Article