अवैध पिस्टल, मैगजीन और खोखा बरामद, यूपी भागने की फिराक में था अपराधी
जमशेदपुर, 22 जून : साकची थाना क्षेत्र के बंगाल क्लब रोड स्थित अभिषेक जुबली चाय दुकान के समीप 19 जून की रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त अवैध देशी पिस्टल, मैगजीन तथा 7.65 एमएम का खोखा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 19 जून की रात करीब 10 बजे बंगाल क्लब रोड स्थित चाय दुकान के पास एक अज्ञात युवक ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी। घटना के बाद साकची थाना में कांड संख्या 49/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटनास्थल से पुलिस ने 7.65 एमएम का एक खोखा भी बरामद किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 जून को घटना में शामिल आरोपी विपिन शुक्ला (28) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने बंगाल क्लब रोड के दुकानदारों में भय का माहौल पैदा कर रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से गोली चलाई थी। घटना के बाद वह लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था और उत्तर प्रदेश के भदोही स्थित अपने पैतृक गांव भागने की तैयारी में था।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मानगो बस स्टैंड की ओर जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने हाथीघोड़ा मंदिर के समीप घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर स्वर्णरेखा नदी किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई घटना में प्रयुक्त एक अवैध देशी पिस्टल और मैगजीन भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपिन शुक्ला (28) के रूप में हुई है। वह गोलमुरी थाना क्षेत्र के दुईलाडुंगरी का निवासी है। उसका स्थायी पता सेवापुर गांव, थाना पाली, जिला भदोही (उत्तर प्रदेश) बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और कड़ियों की भी जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।