उलि बगाइचा परब-2026 का शुभारंभ, आम उत्पादकों को मिला बड़ा बाजार मंच

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

आदित्यपुर, 20 जून : सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन की ओर से आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय उलि बगाइचा परब (आम महोत्सव) का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 20 और 21 जून तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्देश्य बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित आम बागानों से उत्पादित आमों के विपणन को बढ़ावा देना तथा किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।

महोत्सव का उद्घाटन सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र की सांसद जोबा मांझी, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों का जिले में उत्पादित आम भेंट कर स्वागत किया गया।

उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को बागवानी आधारित आजीविका से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 6,000 किसान आम बागवानी से जुड़े हैं और इस वर्ष 4,000 क्विंटल से अधिक आम का उत्पादन हुआ है। किसानों की उपज के विपणन के लिए विभिन्न स्थानों पर बिक्री केंद्र और स्टॉल भी स्थापित किए जा रहे हैं।

सांसद जोबा मांझी ने कहा कि आम महोत्सव किसानों की मेहनत और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने किसानों को आम के साथ-साथ केला, अमरूद, लीची, अदरक और हल्दी जैसी बागवानी फसलों की खेती अपनाकर आय के स्रोत बढ़ाने की सलाह दी। वहीं जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने किसान समूहों, एफपीओ और स्वयं सहायता समूहों की भूमिका की सराहना करते हुए आधुनिक कृषि तकनीकों एवं सामूहिक विपणन को अपनाने पर बल दिया।

महोत्सव में आम्रपाली, हिमसागर और मालदा समेत विभिन्न किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इसके अलावा आम आधारित प्रसंस्कृत उत्पादों का प्रदर्शन, किसान-खरीदार संवाद, एफपीओ सहभागिता और विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट आम विपणन एवं बिक्री के लिए सरायकेला एफपीओ सहित कई किसान समूहों और समितियों को सम्मानित किया गया।

महोत्सव में जिले के विभिन्न प्रखंडों के किसान, एफपीओ, स्वयं सहायता समूह, उद्यमी एवं बड़ी संख्या में आमजन भाग ले रहे हैं। दूसरे दिन भी प्रदर्शनी, विपणन और किसान-खरीदार संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Share This Article