मरीज की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, एमजीएम अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदने जा रहे मरीज की बची जान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 20 जून : डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब मेडिसिन वार्ड में भर्ती एक मरीज चौथी मंजिल की खिड़की से कूदने का प्रयास करने लगा। वार्ड में भर्ती दूसरे मरीज की सतर्कता और साहसिक पहल से उसकी जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धालभूमगढ़ प्रखंड निवासी 52 वर्षीय एक मरीज 17 जून से सर्दी, बुखार और शरीर में खिंचाव की शिकायत के कारण एमजीएम अस्पताल में भर्ती थे। शुक्रवार शाम उन्हें मेडिसिन वार्ड पार्ट-टू के बेड संख्या 451 पर शिफ्ट किया गया था। बताया जाता है कि देर रात अचानक उनकी मानसिक स्थिति असामान्य हो गई और वे वार्ड की खिड़की के पास पहुंच गए। देखते ही देखते उन्होंने अपना आधा शरीर खिड़की के बाहर निकाल लिया और नीचे कूदने का प्रयास करने लगे।

उसी वार्ड के बेड संख्या 453 पर भर्ती बर्मामाइंस निवासी बलबीर पांडे की नजर उन पर पड़ गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना देर किए दौड़कर मरीज को पकड़ लिया और अंदर खींच लिया। खिड़की के बाहर बने छज्जे के कारण भी उन्हें संभालने में मदद मिली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अस्पताल के सुरक्षा कर्मी और चिकित्सक मौके पर पहुंचे तथा मरीज की स्थिति का जायजा लिया। परिजनों ने बताया कि मरीज पिछले दो दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थे और उन्होंने भोजन भी नहीं किया था। चिकित्सकीय परामर्श के बाद परिजनों की सहमति से उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

इस घटना के बाद अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

Share This Article