चांडिल, 20 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत पूड़ीसिली स्थित लक्ष्मी ईंट भट्ठा के समीप स्वर्णरेखा नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जमशेदपुर के मानगो आजादनगर रोड नंबर-14 निवासी 19 वर्षीय शेख सलमान के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे शेख सलमान अपने कुछ साथियों के साथ स्वर्णरेखा नदी के किनारे पहुंचा था। इसी दौरान वह नदी में उतरा, लेकिन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, परंतु सफलता नहीं मिल सकी। देखते ही देखते वह नदी की गहराइयों में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस द्वारा तत्काल गोताखोरों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक के शव को नदी से बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी के मौसम में अक्सर लोग नदी में नहाने या घूमने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन नदी के कई हिस्सों में अचानक गहराई होने के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है। घटना के बाद लोगों ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।