चांडिल, 10 जून : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर में जमीन संबंधी कार्य के दौरान अफसर नवाज पर जानलेवा फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी मो. सलमान उर्फ जम्बो बच्चा (34) को पुलिस ने ओडिशा के बांगरीपोशी से गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर लिया गया है।
चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि गत 2 जून को दोपहर करीब 1 बजे इस्लामनगर में जमीन का काम करा रहे अफसर नवाज पर जान मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। घटना के बाद अफसर नवाज के फर्दबयान के आधार पर कपाली ओपी में कांड संख्या 80/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही 5 जून को इस मामले के एक नामजद आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. सलमान उर्फ जम्बो बच्चा को ओडिशा से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल मेड इन यूएसए अंकित 7.65 एमएम का एक पिस्टल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में आजादनगर थाना में आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज हो चुका है।गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद मंडल कारा, सरायकेला भेज दिया गया। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में आगे की कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी अभियान में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, अनुसंधानकर्ता हीरालाल मुंडू, टाइगर मोबाइल के जवान बिपुल कुमार तिवारी, दस्तगीर आलम तथा तकनीकी शाखा, सरायकेला-खरसावां के कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।