उपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, कई मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन
सरायकेला, 09 जून : सरायकेला-खरसावां समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से प्रशासन को अवगत कराया।
उपायुक्त ने सभी आवेदकों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दरबार में प्राप्त कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
जनता दरबार में कोविड-19 के दौरान माता-पिता को खो चुके बच्चों को शिक्षा एवं स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने, आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड-24 इच्छापुर में आंगनबाड़ी सेविका चयन में कथित अनियमितता, गम्हरिया प्रखंड के विभिन्न गांवों को जोड़ने वाली पीसीसी सड़क के मरम्मतीकरण, राजनगर प्रखंड के कुटुंग गांव में धर्मांतरण संबंधी शिकायत, आदित्यपुर वार्ड-17 में सड़क अतिक्रमण हटाने, उषा मोड़ के समीप अवैध वाहन पार्किंग पर कार्रवाई, भूमि विवाद, राशन कार्ड और पेंशन से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।