सिंहभूम कॉलेज चांडिल में कुड़माली भाषा की पढ़ाई शुरू करने की मांग, जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन
चाईबासा/चांडिल, 09 जून : सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने मंगलवार को कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा की कुलपति एवं कुलसचिव से मुलाकात कर सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में नए शैक्षणिक सत्र से कुड़माली भाषा की पढ़ाई शुरू कराने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने एक ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि सिंहभूम कॉलेज – चांडिल अनुमंडल का एकमात्र महाविद्यालय है। क्षेत्र के अधिकांश मध्य विद्यालय, उच्च विद्यालय एवं प्लस-टू विद्यालयों में छात्र-छात्राएं पहले से ही कुड़माली भाषा की पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन उच्च शिक्षा स्तर पर इस भाषा में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके कारण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मधुश्री महतो ने बताया कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के लोगों की प्रमुख मातृभाषा कुड़माली है। यह केवल किसी एक समुदाय की भाषा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के बीच संवाद का प्रमुख माध्यम है। इसके बावजूद सिंहभूम कॉलेज में अब तक कुड़माली भाषा की पढ़ाई शुरू नहीं होना चिंता का विषय है।
उन्होंने कुलपति से मांग की कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित, अभिभावकों की अपेक्षाओं तथा जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए नए सत्र से कॉलेज में कुड़माली भाषा की पढ़ाई प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
मौके पर डॉ. विभीषण महतो, पंचानन महतो, बिमल चंद्र महतो, धनंजय महतो, जितेंद्र महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।