ईचागढ़, 06 जून : ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सितू गांव एवं आसपास के इलाकों में 10 से 12 जंगली हाथियों के विचरण की सूचना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। हाथियों के झुंड की मौजूदगी को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है, वहीं वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर हाथियों के झुंड के कई वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में एक हाथी गांव के एक घर के काफी नजदीक पहुंचने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। हालांकि ग्रामीणों ने शोर-शराबा कर उसे वहां से खदेड़ दिया। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार जंगली हाथियों को नजदीक से भगाने का प्रयास बेहद जोखिमपूर्ण होता है, क्योंकि ऐसी स्थिति में हाथी आक्रामक होकर लोगों पर हमला कर सकते हैं और गंभीर जनहानि की आशंका रहती है।
हाथियों के गांव के निकट पहुंचने की खबर से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। कई लोग रात के समय विशेष सतर्कता बरत रहे हैं, जबकि कुछ ग्रामीण हाथियों को गांव से दूर रखने के प्रयास में जुटे हुए हैं। वन विभाग ने लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, अकेले बाहर न निकलने तथा किसी भी प्रकार की जोखिम भरी गतिविधि से बचने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि ईचागढ़ और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों से हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथियों के झुंड अक्सर गांवों में प्रवेश कर घरों को नुकसान पहुंचाते हैं और खेतों में लगी फसलों को रौंदकर किसानों को भारी आर्थिक क्षति पहुंचाते हैं। कई मामलों में हाथियों के हमले से लोगों की जान भी जा चुकी है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।