जिला परिषद मद से ईचागढ़ के गौरांगकोचा में बनेगा आधुनिक बस स्टैंड, यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

Manbhum Updates
3 Min Read

जिला परिषद मद से ईचागढ़ के गौरांगकोचा में बनेगा आधुनिक बस स्टैंड, यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

ईचागढ़, 03 जून: सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की पहल पर ईचागढ़ प्रखंड के गौरांगकोचा में आधुनिक एवं सुविधायुक्त ग्रामीण बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। बुधवार को जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, जिला परिषद सदस्य ज्योतिलाल मांझी ने संयुक्त रूप से निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस मौके पर चांडिल पश्चिमी भाग जिला परिषद सदस्य सविता मार्डी एवं अन्य गण्य मान्य मौजूद रहे।


शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि जिला परिषद की योजना के तहत जिले के सभी नौ प्रखंडों में ग्रामीण बस स्टैंड विकसित किए जाने हैं। इनमें से छह बस स्टैंडों का निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है, जबकि गौरांगकोचा में आज निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि इन बस स्टैंडों का उद्देश्य केवल यात्री सुविधाएं बढ़ाना ही नहीं, बल्कि जिला परिषद के राजस्व में वृद्धि करना तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना भी है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चारदीवारी, पार्किंग व्यवस्था, शौचालय तथा व्यावसायिक दुकानों का भी निर्माण कराया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित हो सके।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि जिला परिषद मद एवं निधि से संचालित योजनाओं में उन्हीं परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिले। उन्होंने कहा कि जिला परिषद द्वारा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का चयन किया जाता है तथा ग्रामीणों की मांग और सुझावों के आधार पर ही स्थलों का निर्धारण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, यात्री सुविधाओं और अन्य मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर जिला परिषद की राशि खर्च की जा रही है। आने वाले समय में जिले में कई अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाएं भी धरातल पर दिखाई देंगी।
गौरांगकोचा में बस स्टैंड निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उन्हें बसों का इंतजार खुले आसमान के नीचे नहीं करना पड़ेगा। बस स्टैंड बनने से यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

Share This Article