कांड्रा में चल रही थी अवैध महुआ शराब बनाने की भट्ठी, पुलिस की छापेमारी में 250 किलो जावा महुआ नष्ट

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कांड्रा में चल रही थी अवैध महुआ शराब बनाने की भट्ठी, पुलिस की छापेमारी में 250 किलो जावा महुआ नष्ट

कांड्रा, 30 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरुडीह में अवैध देशी शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने स्वर्णरेखा नदी किनारे स्थित नया घाट और नया पुलिया के समीप छापेमारी कर भारी मात्रा में जावा महुआ बरामद किया तथा शराब बनाने में प्रयुक्त भट्टियों को नष्ट कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बुरुडीह पंचायत के नदी किनारे अवैध रूप से देशी शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार सुबह कांड्रा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 250 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया, जिसे नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा शराब निर्माण में प्रयुक्त दो भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। हालांकि छापेमारी के दौरान किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
इस अभियान में कांड्रा थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक रामदयाल उरांव तथा कांड्रा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा ऐसे कार्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article