चिलचिलाती गर्मी में मानवता की मिसाल, चांडिल में आजीविका महिला समूह ने शुरू की प्याऊ सेवा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चिलचिलाती गर्मी में मानवता की मिसाल, चांडिल में आजीविका महिला समूह ने शुरू की प्याऊ सेवा

चांडिल, 28 मई : भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए आजीविका महिला संकुल संगठन, चांडिल की महिलाओं ने सराहनीय पहल की है। संगठन की ओर से चांडिल स्टेशन स्थित डाकबंगला चौक, चांडिल–पुरुलिया पुराने मार्ग पर प्याऊ सेवा शुरू की गई है, जहां राहगीरों, मजदूरों, यात्रियों और आम लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
तेज धूप के बीच इस सेवा से लोगों को काफी राहत मिल रही है। संगठन की महिलाओं ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए जनसेवा के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि जब तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा, तब तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्याऊ सेवा संचालित की जाएगी।
प्याऊ स्थल पर राहगीरों को ठंडा पानी पिलाने के साथ-साथ लोगों को गर्मी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान कई राहगीरों ने महिला संगठन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी सेवाएं समाज में मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देती हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में इस तरह की जनहितकारी पहल बेहद जरूरी है। वहीं संगठन की महिलाओं ने भविष्य में भी जरूरतमंदों और आम जनता के हित में ऐसे सामाजिक कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।

Share This Article