पीवीटीजी समुदायों के लिए विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण शिविर आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

सरायकेला, 21 मई : जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 अंतर्गत पीवीटीजी समुदायों के लिए विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान के तहत गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों के चिन्हित ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। आयोजित शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभुकों से योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए।

वहीं, स्वास्थ्य जांच, दस्तावेज सत्यापन, पेंशन, राशन कार्ड, आधार, आवास, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागीय योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया तथा ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।

गुरुवार को सरायकेला प्रखंड अंतर्गत छोटादावना एवं नुवागांव पंचायत भवन, खरसावां प्रखंड अंतर्गत दलाईकेला पंचायत भवन, कुचाई प्रखंड अंतर्गत अरुवां पंचायत भवन, राजनगर प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर, पोटका एवं बीजाडीह पंचायत भवन, गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत कालिकापुर, दुग्धा एवं बीरबांस पंचायत भवन, चांडिल प्रखंड अंतर्गत रूचाप, रसुनिया एवं घोड़ानेगी पंचायत भवन तथा ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत बांदु, गुड़ड़ी एवं मौसाड़ा पंचायत भवन में शिविर आयोजित किए गए।

ज्ञात हो कि यह विशेष अभियान दिनांक 18 मई से 25 मई 2026 तक जिले के चिन्हित जनजातीय क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उन्हें सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करना है।

Share This Article