एग्रिको समर कैंप में रेन डांस की मस्ती, खेल-योग और हुनर सीख रहे 558 बच्चे
जमशेदपुर, 20 मई : हेल्थ एसोसिएशन द्वारा एग्रिको मैदान में आयोजित नि:शुल्क समर कैंप इन दिनों बच्चों और अभिभावकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 11 मई से शुरू हुआ यह 15 दिवसीय कैंप 25 मई तक चलेगा। कैंप के 14वें वर्ष में इस बार 558 बच्चे हिस्सा ले रहे हैं, जबकि उनके अभिभावक भी विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
बुधवार को कैंप में आयोजित रेन डांस कार्यक्रम ने माहौल को पूरी तरह उत्साहमय बना दिया। बच्चों, महिलाओं और अभिभावकों ने दो घंटे तक जमकर मस्ती की। प्रतिभागियों के लिए छोला-भटूरा और ओआरएस ड्रिंक की विशेष व्यवस्था की गई। इससे पहले संस्था की ओर से सूर्य मंदिर स्थित स्विमिंग पूल में भी बच्चों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां करीब 1400 लोगों को नाश्ते में दोसा परोसा गया था।
संस्था के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने बताया कि पिछले 13 वर्षों से लगातार इस तरह का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में 50 स्टेट लेवल कोच बच्चों और अभिभावकों को खेल, योग, अनुशासन और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि 24 मई को बच्चे सीखे गए हुनर का डेमो प्रस्तुत करेंगे।
महासचिव सनोत सिंह ने कहा कि महंगे समर कैंपों के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चे अक्सर वंचित रह जाते हैं, इसलिए संस्था ने यह नि:शुल्क आयोजन शुरू किया। कैंप में संस्कृत श्लोक, कविता, कहानी, खेलकूद और मनोरंजन की गतिविधियां कराई जा रही हैं।
कबड्डी कोच सुमी सिंह ने कहा कि बच्चे यहां खेल के साथ अनुशासन और टीम भावना भी सीख रहे हैं। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, वहीं डीजे, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि भोज का भी आयोजन होगा।