मुख्य सचिव से हुई सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी की मुलाकात, सौंपा ज्ञापन
सरायकेला, 18 मई : झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने शिष्टाचार मुलाकात कर सरायकेला के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मुख्य सचिव को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपते हुए सिविल कोर्ट, उपायुक्त कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय समेत सभी जिला स्तरीय कार्यालयों के समेकित निर्माण की मांग उठाई।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2001 में जिला गठन के बावजूद सरायकेला-खरसावां अब तक पूर्ण विकसित जिला मुख्यालय का स्वरूप नहीं ले सका है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि प्रस्तावित प्रशासनिक एवं न्यायिक भवनों के लिए चयनित स्थल शहर से काफी दूर एवं जंगलनुमा क्षेत्र में है, जिससे आम जनता, अधिवक्ताओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को परेशानी होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि सदर अस्पताल के सामने स्थित स्वर्णरेखा कॉलोनी की लगभग 14 एकड़ भूमि पर सभी जिला स्तरीय कार्यालयों एवं सिविल कोर्ट का निर्माण किया जाए, जहां पहले से सड़क, बिजली, जलापूर्ति एवं यातायात जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मुलाकात के दौरान उन्होंने यूनेस्को से मान्यता प्राप्त सरायकेला छऊ नृत्य कला के संरक्षण और पुनर्जीवन की मांग भी रखी। उन्होंने राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र को पुनर्जीवित करने, रिक्त पदों पर नियुक्ति, कलाकार पेंशन योजना तथा बहुउद्देशीय कला भवन निर्माण की आवश्यकता बताई।
इसके अलावा पेयजल संकट के समाधान, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता वृद्धि, नए पावर ग्रिड निर्माण, सड़क मरम्मत, हाईमास्ट लाइट, स्वच्छता व्यवस्था, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार सहित कई विकास योजनाओं को भी मांग पत्र में शामिल किया गया।