हाथियों का आतंक जारी – रातोंरात उजड़े दो गरीबों के घर, दहशत में ग्रामीण, वन विभाग पर फूटा गुस्सा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कुकडू, 15 मई : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात कुकडू प्रखंड के लेटेमदा रेलवे स्टेशन के समीप हाथियों ने जमकर उत्पात मचाते हुए दो गरीब परिवारों के कच्चे मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, हाथियों के झुंड ने सबसे पहले उत्तम महतो के कच्चे घर पर हमला किया और एक दीवार को पूरी तरह ढहा दिया। इसके बाद हाथियों ने गांव की मुला महतो के घर को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि मुला महतो रात में घर के अंदर सो रही थी, तभी अचानक हाथियों ने घर पर धावा बोल दिया। हाथियों ने घर की दीवार तोड़ दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह महिला ने भागकर अपनी जान बचाई।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कभी हाथियों के हमले में लोगों की जान जा रही है तो कभी किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। वहीं कई बार हाथियों की मौत की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद वन विभाग और जनप्रतिनिधियों पर गंभीर उदासीनता बरतने का आरोप लग रहा है।

इधर, ईचागढ़ विधायक सविता महतो का एक बयान भी चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में विधायक को यह कहते हुए सुना जा रहा है कि “हाथियों को बांध कर नहीं रखा जा सकता।” इस बयान को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों के हमले से गरीब परिवारों के आशियाने उजड़ रहे हैं, किसानों की मेहनत बर्बाद हो रही है और लोगों की जान तक जा रही है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो जनाक्रोश और बढ़ेगा तथा ग्रामीण सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

Share This Article