सरायकेला, 11 मई : आयुष विभाग द्वारा मासिक धर्म स्वच्छता कार्यक्रम के तहत सोमवार को नीमडीह प्रखंड अंतर्गत बुरूडीह सबर टोला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम के दौरान आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. श्वेता सुषमा द्वारा महिलाओं एवं किशोरियों के बीच सैनिटरी नैपकिन एवं अंडर गारमेंट्स का वितरण किया गया।
इस अवसर पर महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वच्छता अपनाने, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित सामग्री के उपयोग के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा स्वच्छता संबंधी भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया गया।