एनएच पर सुरक्षा इंतजाम नदारद, नहीं जल रहा फोरलेन का स्ट्रीट लाइट

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 11 मई : राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक बार फिर सामने आई है। चौका में फोरलेन पर लगाए गए स्ट्रीट लाइट बीते एक सप्ताह से बंद हैं। सड़क पर बनाए गए ओवर ब्रीज पर लगाए गए लाइट नहीं जलने से रात के वक्त दुर्घटना घटने की आशंका बनी रहती है। स्थिति और गंभीर इसलिए भी है क्योंकि सर्विस रोड की शुरुआत वाले स्थान पर न तो कोई गतिरोधक (स्पीड ब्रेकर) बनाया गया है और न ही पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए गए हैं।

सर्विस रोड शुरू होने वाले स्थान पर पर्याप्त संकेतक (साइनेज) और सुरक्षा व्यवस्था नहीं रहने के कारण आए दिन वाहन चालक भ्रमित होकर डिवाइडर पर चढ़ जाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित स्थान पर रेडियम युक्त साइनेज नहीं हैं, जिससे रात के समय वाहन चालकों को सर्विस रोड और मुख्य मार्ग के विभाजन का स्पष्ट संकेत नहीं मिल पाता और वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। बताया जाता है कि इससे पहले भी करीब एक दर्जन वाहन इसी स्थान पर डिवाइडर पर चढ़ चुके हैं।

उक्त स्थान पर पूर्व में एनएचएआइ द्वारा काला-पीला पट्टी वाला संकेतक लगाया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों में वह भी किसी वाहन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद से अब तक वहां कोई नया संकेतक नहीं लगाया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द रेडियम साइनेज, स्पीड ब्रेकर और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Share This Article