रांची, 28 अप्रैल : प्रशासनिक व पुलिस सेवा के कई नव पदस्थापित अधिकारियों ने मंगलवार को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात किया। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती, कोडरमा के उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता और पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह शामिल थे। रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अपने-अपने दायित्वों एवं कार्य योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर अधिकारियों ने बेहतर सेवा देकर राज्य के विकास में सार्थक योगदान देने की बात कही।
अधिकारियों ने राज्य में सुशासन, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आम जनता की अपेक्षाओं को प्राथमिकता दें और पारदर्शिता, संवेदनशीलता तथा जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिया कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा राज्य के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।