सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए डीसी, ब्लैक स्पॉट सुधार व सघन प्रवर्तन के दिए निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 23 अप्रैल : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात अनुशासन को सुदृढ़ करने तथा आधारभूत सुरक्षा उपायों के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक की शुरुआत में पूर्व निर्देशों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि मार्च 2026 में जिले में 22 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 20 लोगों की मौत और 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने विशेष रूप से दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट स्थलों पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, जिग-जैग बैरिकेडिंग, टर्निंग पॉइंट संकेत, ज़ेब्रा क्रॉसिंग और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्माणाधीन सड़कों और पुलिया कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में आदित्यपुर क्षेत्र में शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक बढ़ते यातायात दबाव पर भी चर्चा हुई। यातायात निरीक्षक ने इस दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का सुझाव दिया, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा, जिन सड़कों पर भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित है, वहां सख्ती से नियमों के पालन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को समन्वित और समयबद्ध तरीके से लागू करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिले में दुर्घटनाओं में कमी लाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share This Article