पृथ्वी दिवस पर डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन में पर्यावरण जागरूकता की गूंज, नाटक और वाद-विवाद से विद्यार्थियों ने दिया सशक्त संदेश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 22 अप्रैल : पृथ्वी दिवस के अवसर पर डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन में इको क्लब की ओर से बुधवार को संस्थान के मल्टीपरपस हॉल में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विविध रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर शहर के सात महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण नाटक एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं रहीं। नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने प्रदूषण, प्राकृतिक आपदाओं, भोपाल गैस त्रासदी तथा वनों के संरक्षण जैसे ज्वलंत विषयों को मंच पर जीवंत कर दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरणीय चुनौतियों और उनके संभावित समाधान पर तार्किक और प्रभावशाली विचार रखे।

निर्णायक मंडल में वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता तथा ‘निनाद’ संस्था की संस्थापक पूनम महानंद शामिल रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और युवा पीढ़ी इसमें अहम भूमिका निभा सकती है।

प्राचार्या डॉ. जूही समर्पिता एवं उप-प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल ने भी पृथ्वी दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए सभी को प्रकृति संरक्षण का संकल्प दिलाया।

पुरस्कार वितरण में दिखा उत्साह

नाटक प्रतियोगिता में अंजलि कुमारी की टीम ने प्रथम, अदिति कुमारी की टीम ने द्वितीय एवं नेहा मित्तल की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में रंभा कॉलेज की टीम विजेता रही, जबकि डी.बी.एम.एस. कॉलेज की टीम उपविजेता बनी। श्रेष्ठ वक्ता के रूप में नित्या झा (रंभा कॉलेज) और प्रियंका तिवारी (ग्रेजुएट कॉलेज) को सम्मानित किया गया।

इको क्लब की रही अहम भूमिका

इको क्लब इंचार्ज मौसमी दत्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित भी किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर प्रतिभागियों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखा गया।

Share This Article