रांची/जमशेदपुर, 20 अप्रैल : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के एक ट्वीट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामला पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत सांद्रा पंचायत निवासी गोविंद मुंडा से जुड़ा है, जिनकी विशाखापट्टनम के पास असामयिक मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में कुणाल षाड़ंगी ने ट्वीट कर राज्य सरकार से अपील की थी कि मृतक के पार्थिव शरीर को उनके गृह स्थान तक पहुंचाने में परिजनों की सहायता की जाए। ट्वीट की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शोकाकुल परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाए और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उनके गांव तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सरकार की इस त्वरित पहल से पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।