सरायकेला/गम्हरिया, 15 अप्रैल : जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत छोटा गम्हरिया में मिशन वात्सल्य के तहत वात्सल्य बालिका गृह का बुधवार को विधिवत उद्घाटन उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इस पहल से अब जिले की जरूरतमंद एवं संरक्षण की आवश्यकता वाली बालिकाओं को स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित आश्रय उपलब्ध हो सकेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसके बाद दीप प्रज्वलन कर औपचारिक रूप से उद्घाटन समारोह का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन के उपरांत उपायुक्त ने केंद्र भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं के बीच अंगवस्त्र एवं दैनिक उपयोग की सामग्रियों से युक्त बैग का वितरण भी किया।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि इस बालिका गृह का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद बालिकाओं को सुरक्षित, संरक्षित और संवेदनशील वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि पहले जिले में इस तरह की सुविधा नहीं होने के कारण बालिकाओं को अन्य जिलों में भेजना पड़ता था, जिससे समन्वय और सुविधा उपलब्ध कराने में कठिनाइयाँ आती थीं। अब इस केंद्र के शुरू होने से सभी आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव तौसीफ मिराज ने कहा कि उपायुक्त की पहल से यह महत्वपूर्ण केंद्र स्थापित हो सका है, जहां बालिकाओं को आवास, पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श और कानूनी सहायता जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।
वहीं सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय ने केंद्र के संचालन, उद्देश्य और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला योजना पदाधिकारी सोनी कुमारी, कोल्हान प्रमंडल के विभिन्न जिलों के DCPO, बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, बाल कल्याण समिति एवं चाइल्डलाइन के प्रतिनिधियों सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।