उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक के नाम पर 4 लाख की ठगी! 166 आरोपी गिरफ्तार, तमाड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रांची/तमाड़, 13 अप्रैल : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले कथित पेपर लीक और सॉल्व कराने के नाम पर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। इस मामले में पकड़े गए अभ्यर्थियों और आरोपियों को सोमवार को तमाड़ पुलिस ने रांची सिविल कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में होटवार जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कुल 166 लोग शामिल हैं, जिनमें 159 अभ्यर्थी (7 महिलाएं), 5 सेटर और 2 ड्राइवर शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार को आयोजित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से ठीक पहले शनिवार देर रात तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव स्थित एक निर्माणाधीन अस्पताल में सैकड़ों अभ्यर्थियों के जमा होने और प्रश्न पत्र सॉल्व कराने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद तमाड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मौके से सभी आरोपियों को हिरासत में लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कथित प्रश्न पत्र के चार सेट, यूपी और बिहार नंबर प्लेट वाले तीन वाहन तथा कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए। हालांकि जांच में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जब्त किए गए प्रश्न पत्र फर्जी हैं और उनका मूल प्रश्न पत्र से कोई सीधा संबंध नहीं है। केवल एक-दो प्रश्नों की समानता पाई गई, जिससे यह साफ होता है कि वास्तविक पेपर लीक नहीं हुआ था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभ्यर्थियों को पेपर लीक के नाम पर ठगा गया। सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक अभ्यर्थी से लगभग 4 लाख रुपये तक वसूले गए, जिससे यह एक बड़े संगठित ठगी रैकेट का मामला प्रतीत होता है।
फिलहाल सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि पुलिस इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में लगातार जांच कर रही है।