नाबालिग की मौत पर पुलिस की कार्रवाई, सुपरवाइजर और उसके भाई को किया गिरफ्तार

Manbhum Updates
2 Min Read

रांची, 12 अप्रैल : राजधानी के कांके इलाके में हुई 16 वर्षीय नाबालिग की मौत मामले में महिला सुपरवाइजर और उसके भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

नाबालिग, महिला सुपरवाइजर के घर पर घरेलू नौकरानी के रूप में काम करती थी। काम के दौरान ही महिला सुपरवाइजर ने नाबालिग को बेरहमी से पीटा था, जिसके कारण उसकी मौत हो गई थी।

राँची के एक सरकारी कार्यालय में सुपरवाइजर के पद पर तैनात सुषमा कुमारी ने 16 साल की नाबालिग को अपने घर में नौकरानी के तौर पर काम के लिए रखा था। सुषमा लगातार नाबालिग के साथ मारपीट करती थी।

नाबालिग की मौत के बाद सुषमा ने अपने भाई और ड्राइवर के साथ मिलकर उसके शव को उसके गांव पहुंचा दिया और फिर वहां से फरार हो गई।

परिवार वालों ने जब अपनी बेटी को देखा तो उसके शरीर पर कई जख्म पाए गए, जिसके बाद शनिवार की रात सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण कांके थाना पहुंचे और जमकर हंगामा किया।

सीसीटीवी फुटेज की जांच से यह स्पष्ट हो गया कि सुषमा ने नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। सबसे हैरान कर देने वाली बात यह है कि सुषमा हर दिन बच्ची के साथ अमानवीय व्यवहार करती थी।

नाबालिग की हत्या को लेकर सुषमा कुमारी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे का अनुसंधान भी जारी है।

Share This Article