जंगली हाथी ने एक को कुचलकर मार डाला, वन विभाग ने सौंपा अग्रिम मुआवजा, ग्रामीणों ने कहा समस्या का स्थायी समाधान हो

Manbhum Updates
2 Min Read

कुकड़ू, 11 अप्रैल : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात दिन पर दिन भयावह स्थिति में पहुंचता जा रहा है। जंगली हाथी आए दिन किसी ने किसी गांव में घुसकर जान माल को क्षति पहुंचा रहे हैं। शनिवार की अहले सुबह भी जंगली हाथी ने एक व्यक्ति को कुचल कर मार डाला।

मिली जानकारी के अनुसार चांडिल वन क्षेत्र अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड सापारूम गांव में जंगली हाथी की चपेट में आकर 55 वर्षीय राधा तांती नामक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल तिरुलड़ीह थाना प्रभारी और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग से फॉरेस्टर मुकेश कुमार और तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को अग्रिम मुआवजा के रूप में 50 हजार रुपए नकद प्रदान किया गया।

कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग की ओर से साढे तीन लाख रुपये परिजनों को मुआवजा स्वरूप भुगतान किया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया।

ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली हाथी समस्या पर जल्द निर्णायक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि मुआवजा देना है समस्या का समाधान नहीं होता है। जंगली हाथी आए दिन गांव में घुसकर जान व माल की क्षति पहुंचा रहे हैं। ऐसे में लोग दहशत में जीने पर मजबूर हैं।

चौका : प्रदूषण से त्रस्त ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन, किया सड़क जाम! हुआ हंगामा – देखिए पूरी खबर

Share This Article