कुचाई के रोलाहातु पंचायत में आयोजित जनता दरबार में ग्रामीणों ने रखी विकास संबंधी समस्याएं – कई समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान, शेष मामलों के त्वरित निष्पादन का आश्वासन
जनता दरवार का शुभारंभ करते हुए विधायक दशरथ गागराई, डीसी एवं अन्य अतिथिगण
प्रकृति का अद्भुत चमत्कार या दैवीय शक्ति? जानिए इस घाटी का राज! देखिए Manbhum Updates पर Exclusive
सरायकेला, 09 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां कुचाई प्रखंड अंतर्गत रोलाहातु पंचायत के प्राथमिक विद्यालय, कोमाय परिसर में गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं खरसावां के विधायक दशरथ गागराई की उपस्थिति में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में आवास, मनरेगा, जेएसएलपीएस, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, समाज कल्याण, कृषि, श्रम, सांख्यिकी एवं आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों द्वारा चयनित लाभुकों के बीच मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के विकास से संबंधित अनेक समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। इनमें मुख्य रूप से सड़क, पुल-पुलिया, चापानल व जलमीनार मरम्मती, मोबाइल नेटवर्क एवं एएनसी सेवाओं की सुगमता सुनिश्चित करने, बीएसएनएल टावर चालु कराने, आंगनबाड़ी केंद्र की सरम्मती समेत जनता से जुड़ी कई समस्याओं और शिकायतों को रखा। जनता दरबार में हनुख हेंब्रम, सनिका मुंडा, चरण मुंडा, जोसेफ पूर्ति, मनीराम मुंडा, भोंज सिंह सांगा ने भी कई मांगे रखी। तारंबा ग्राम की सुशीला मुंडा एवं मैरी युक्ते सांगा पूर्ति, जीवन कांडीर समेत कई लागों ने समस्याओं को रखा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि क्षेत्र के विकास हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं एवं चिन्हित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। राज्य स्तर से संबंधित मामलों के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज भी कई गांवों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है तथा जागरूकता की कमी के कारण लोग योजनाओं से वंचित हैं। इसके समाधान हेतु जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन को समन्वित रूप से कार्य करने की आवश्यकता है।
मौके पर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी एवं महिलाओं की उपस्थिति जागरूक समाज का परिचायक है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सका है जिसके लिए वे क्षमाप्रार्थी हैं। जनता दरबार में प्राप्त सड़क, पुलिया, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलापूर्ति सहित विभिन्न समस्याओं का जिला एवं राज्य स्तर पर समन्वय स्थापित कर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। क्षेत्र में स्थापित 9 मोबाइल टावरों को चालू करने की प्रक्रिया जारी है जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।