चांडिल में शहीद भगत सिंह के सम्मान में आयोजन हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम 

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 03 अप्रैल : शहीद-ए-आजम Bhagat Singh, Sukhdev Thapar और Shivaram Rajguru के शहादत दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) द्वारा चांडिल के रुचाप पंचायत भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम सह पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। डैम रोड स्थित मध्य विद्यालय के समीप मैदान में कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के बीच सामान्य अध्ययन, गायन एवं दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। मुख्य अतिथि सोनी सैन गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भगत सिंह का जीवन संघर्ष आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बच्चों से शिक्षा के महत्व को समझते हुए समाज और देश के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की।

विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित रांची विश्वविद्यालय के शोधार्थी एवं समाजसेवी अनंत कुमार महतो ने कहा कि भगत सिंह और उनके साथियों ने एक ऐसे भारत का सपना देखा था, जहां समानता और इंसानियत सर्वोपरि हो। उन्होंने वर्तमान समय की सामाजिक चुनौतियों, गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं से जागरूक होने और सही दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विशेश्वर महतो ने की, जबकि संचालन युधिष्ठिर प्रामाणिक ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रभात कुमार महतो, खुशी पोद्दार, राजा प्रमाणिक, खुशबू कुमारी, रोहित प्रामाणिक एवं राधि प्रामाणिक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और युवाओं के बीच शहीदों के विचारों को पहुंचाना और उन्हें सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना था।

Share This Article