खूंटी, 02 अप्रैल : तोरपा थाना क्षेत्र के गुफु बड़का टोली गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्कूल से लौटने के बाद तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई, जिससे गांव में गहरा शोक व्याप्त है। बताया जा रहा है, स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों बच्चे घर जाने की बजाय गांव के समीप स्थित तालाब की ओर खेलने चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेल के दौरान वे तालाब के किनारे पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। काफी मशक्कत के बाद बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है, मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।