अंबेडकर जयंती को लेकर युवाओं की बैठक, भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार

Manbhum Updates
2 Min Read
बैठक में उपस्थित लोग

चाईबासा, 30 मार्च : आगामी डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) के उपलक्ष्य में विशेष आयोजन की तैयारियों को लेकर आदिवासी-मूलवासी समूह के युवाओं की बैठक पोटो हो सह गौशाला पार्क में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता रिपांजली लकड़ा ने की। इस दौरान आयोजन को प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता सह देशाउली फाउंडेशन के संस्थापक साधु हो ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को पहले स्वयं के जीवन में आत्मसात करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जयंती के अवसर पर रैली और कार्यक्रम के माध्यम से अंबेडकर के विचारों एवं संविधान की मूल भावना को कोल्हान के जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने सुझाव दिया कि मंच से केवल भाषण देने के बजाय लोग अपने जीवन में भेदभाव और असमानता से जुड़े अनुभव साझा करें, जिससे कार्यक्रम अधिक प्रभावशाली बन सके।
मोची समाज के नरेश राम और संतोष दास ने कहा कि विभिन्न जाति एवं समुदाय के लोग मिलकर हर गांव और मोहल्ले में निमंत्रण दें, जिससे सामाजिक सद्भाव मजबूत होगा और भेदभाव की भावना कम होगी। बैठक में 14 अप्रैल को चाईबासा में एक विशेष स्थल पर अंबेडकर जी की प्रतिमा स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया।
भीम आर्मी से जुड़े आकाश मुखी ने आयोजन को व्यापक बनाने के लिए विभिन्न समाजों के प्रमुखों से संपर्क हेतु प्रतिनिधिमंडल बनाने और सदस्यता शुल्क के माध्यम से फंड जुटाने का प्रस्ताव रखा। आगामी रणनीति तय करने के लिए 31 मार्च को पुनः बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। संचालन नारायण कांडेयांग ने किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी उन्होंने ही किया।

Share This Article