नीमडीह, 24 मार्च : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनज़र अवैध शराब निर्माण एवं तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से सरायकेला–खरसावां जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के निर्देश पर सीमा से सटे क्षेत्रों में संयुक्त छापामारी अभियान संचालित किया गया।
अभियान के तहत पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जिला से सटे नीमडीह थाना क्षेत्र के लाकड़ी, चतरमा एवं डोडोडीह जंगलों में सघन कार्रवाई की गई। इस दौरान पश्चिम बंगाल उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग तथा बलरामपुर उत्पाद टीम के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त छापामारी की गई। छापामारी के दौरान कुल तीन अवैध चुलाई शराब निर्माण अड्डों का उद्भेदन किया गया। मौके पर लगभग 1100 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया, वहीं 50 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
प्रशासन द्वारा संबंधित अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखण्ड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।