नगर भवन में जिला स्तरीय पीएम श्री विद्यालय प्रतियोगिता आयोजित

Manbhum Updates
2 Min Read

सरायकेला, 24 मार्च : पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन नगर भवन सभागार (टाउन हॉल), सरायकेला में धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर, बैलून फोड़ एवं इन-आउट जैसी रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए लूडो, कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यालयों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शैक्षणिक के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी से बच्चों का सर्वांगीण विकास एवं आत्मविश्वास बढ़ता है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

Share This Article