रामनवमी, सरहुल और ईद को लेकर तिरुलडीह थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रामनवमी, सरहुल और ईद को लेकर तिरुलडीह थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील

कुकड़ू, 17 मार्च : चांडिल अनुमंडल अंतर्गत तिरुलडीह थाना परिसर में आगामी रामनवमी, सरहुल एवं ईद जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी कौशल कुमार द्वारा की गई, जिसमें सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा और समन्वय बनाए रखने की अपील की गई। इस दौरान पर्वों के दौरान निकलने वाले जुलूस, भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव ने कहा कि तिरुलडीह क्षेत्र हमेशा से ही सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का उदाहरण रहा है, जिसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं प्रमुख प्रतिमा वाला पातर ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। उप प्रमुख ने भी सभी समुदायों से मिल-जुलकर पर्व मनाने का आह्वान किया।

पुलिस पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचने और जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करने की भी अपील की गई।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि क्षेत्र में आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए सभी पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा।

 

मौके पर पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव,प्रमुख प्रतिमा वाला पातर, उप प्रमुख मो अकरम,मुखिया चित्तरंजन सिंह,उप मुखिया मनोज मछुआ,इंद्र महतो,बांकेश्वर सिंह,मृत्युंजय सिंह ,कृष्ण कुमार समेत अखाड़ा कमिटी,सरहुल कमिटी एवं अंजुमन कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

Share This Article