रांची में सिलेंडर ब्लास्ट से फ्लैट में भीषण आग, सामान जलकर राख

रांची, 17 मार्च : राजधानी के पुंदाग ओपी क्षेत्र स्थित सेल सिटी के ब्लॉक E-1 में मंगलवार को एक फ्लैट में अचानक गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्लास्ट के तुरंत बाद आग तेजी से पूरे फ्लैट में फैल गई, जिससे अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।



