सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान, 2.37 लाख का जुर्माना वसूला

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान, 2.37 लाख का जुर्माना वसूला

सरायकेला, 12 मार्च : सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में सरायकेला थाना क्षेत्र के तीतीरबिल्ला पुल के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रकार के वाहनों की सघन जांच की गई और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

 

जांच के क्रम में बिना वैध कागजात, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 2,37,500 रुपये की दंडात्मक राशि वसूली गई। इस दौरान विशेष रूप से भारी मालवाहक वाहनों के चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस (हेवी ड्राइविंग लाइसेंस) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई।

 

जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत देते हुए कहा कि बिना वैध कागजात के वाहन चलाना, ओवरलोडिंग तथा तेज गति से वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया तथा उन्हें हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी गई।

 

जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे। अभियान में सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य अधिकारी व कर्मी भी उपस्थित रहे।

Share This Article