ईचागढ़ : आदरडीह जंगल में जंगली हाथी के हमले से व्यक्ति घायल, एमजीएम रेफर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

ईचागढ़ : आदरडीह जंगल में जंगली हाथी के हमले से व्यक्ति घायल, एमजीएम रेफर

ईचागढ़, 4 मार्च : सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आदरडीह जंगल में जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान आदरडीह गांव निवासी अमूल्य महतो के रूप में की गई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दोपहर की है। अमूल्य महतो किसी कार्य से आदरडीह जंगल की ओर गए थे, इसी दौरान वहां मौजूद जंगली हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हाथी के हमले से वे घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

 

इसकी जानकारी मिलने पर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह शोर मचाकर हाथी को भगाया और घायल को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग को अवगत कराया गया।

 

घायल अमूल्य महतो को उपचार के लिए पातकुम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईचागढ़ अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। इसके बाद घायल को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।

 

बताया जा रहा है कि आदरडीह जंगल में इन दिनों दो जंगली हाथियों की मौजूदगी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित क्षेत्र में खदेड़ने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Share This Article