होली पर अवैध शराब के खिलाफ कड़ा एक्शन: एनएच-33 के होटलों में छापेमारी, दो संचालक गिरफ्तार, 750 किलो जावा महुआ नष्ट

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

होली पर अवैध शराब के खिलाफ कड़ा एक्शन: एनएच-33 के होटलों में छापेमारी, दो संचालक गिरफ्तार, 750 किलो जावा महुआ नष्ट


सरायकेला/चांडिल, 02 मार्च : होली महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण और परोसने के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में रविवार की शाम से देर रात तक विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई।

एनएच-33 के लाइन होटलों में सघन जांच, दो गिरफ्तार

रविवार को संध्या 07:00 बजे से 10:00 बजे तक चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग–33 के किनारे स्थित कई लाइन होटलों – महेश होटल, त्रिवेणी होटल, शत्रुघ्न होटल, अनन्या होटल एवं गोल्डन लीफ होटल आदि स्थानों में जांच एवं तलाशी अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान महेश होटल और अनन्या होटल में ग्राहकों को अवैध रूप से मदिरा परोसे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित होटल संचालकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

गम्हरिया क्षेत्र में दो चुलाई अड्डे ध्वस्त

अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गम्हरिया थाना क्षेत्र के धातकीडीह, कमलपुर एवं बिंदापुर गांवों में भी छापामारी अभियान संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान दो अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया गया। मौके से लगभग 750 किलोग्राम जावा महुआ बरामद कर नष्ट किया गया, जबकि 35 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।

संबंधित अभियुक्त के विरुद्ध भी झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

अधीक्षक उत्पाद ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं परोसने की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और होली का पर्व सुरक्षित वातावरण में मनाया जा सके।

Share This Article