बालीगुमा के गाजाडीह में आगलगी की घटना, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने लिया जायजा

जमशेदपुर, 01 मार्च : एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीगुमा के गाजाडीह निवासी उमेश प्रसाद के घर में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, जिससे आसपास के घरों को बड़े नुकसान से बचाया जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता तत्काल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बताया जाता है कि आग लगने से घर में रखे घरेलू सामान, कपड़े, कागजात, अनाज एवं अन्य जरूरी सामग्री जलकर खाक हो गई, जिससे परिवार को काफी आर्थिक क्षति हुई है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और समाज दोनों को आगे आकर पीड़ित परिवार की सहायता करनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से उचित मुआवजा और सहायता प्रदान करने की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवार पुनः सामान्य जीवन की ओर लौट सके।



