सिंगाती में 28 फरवरी से रामचरितमानस नवान्ह पारायण महायज्ञ

चांडिल, 22 फरवरी : चांडिल प्रखंड के सिंगाती स्थित पुरनाडीह बाबा मंदिर प्रांगण में श्री श्री 108 रामचरितमानस नवान्ह पारायण महायज्ञ का आयोजन 28 फरवरी से 8 मार्च तक किया जाएगा। आयोजन पूस्नाडीह बाबा समिति के तत्वावधान में संपन्न होगा।
आयोजन समिति के अनुसार 27 फरवरी (शुक्रवार) को प्रातः 10 बजे कलश स्थापना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। 28 फरवरी (शनिवार) को प्रातः 10 बजे पूजन, अर्चन एवं वंदन किया जाएगा। प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से रात्रि 12 बजे तक रामचरितमानस पाठ एवं प्रवचन का आयोजन होगा। कथा वाचन राष्ट्रीय कथावाचक पंडित राम गोपाल महाराज (झांसी, उत्तर प्रदेश) द्वारा किया जाएगा।
व्यासासन में तारापद हाजरा (हुडूमदा, पश्चिम बंगाल) विराजमान रहेंगे तथा राम दरबार के पूजारी मनोज पाठक (टिकर, झारखंड) होंगे। प्रवचन क्रम में शक्ति पद चटर्जी, राधाकांत पांडे, भवानंद दास, संजय पांडे एवं अतित मुखर्जी सहित अन्य विद्वान कथावाचक भाग लेंगे।
8 मार्च को रात्रि 12 बजे से 2 बजे तक अतित मुखर्जी के साथ फुलन देवी द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी। समिति के निवेदक जय देव साव ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। कार्यक्रम का संचालन सिंगाती ग्रामवासी करेंगे।



