नगर पालिका चुनाव : डिस्पैच सेंटर, बज्रगृह व मतगणना केंद्र का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

सरायकेला, 20 फरवरी : नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शुक्रवार को काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला का निरीक्षण किया। महाविद्यालय परिसर में प्रस्तावित डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम (बज्रगृह) एवं मतगणना केंद्र हेतु चिन्हित स्थलों का अवलोकन कर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं को समयबद्ध एवं योजनाबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह सुचारु एवं त्रुटिरहित संपन्न हो सके।
उपायुक्त ने परिसर स्थित निर्वाचन सामग्रियों के संग्रहण स्थल का भी निरीक्षण किया। पैकेजिंग प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पैकेट में निर्धारित सूची के अनुसार सभी आवश्यक सामग्रियां अनिवार्य रूप से सम्मिलित की जाएं। साथ ही पैकिंग पूर्ण होने के बाद प्रत्येक पैकेट की पुनः सूक्ष्म जांच सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना शेष न रहे।



