जमशेदपुर : सोनारी दोमुहानी संगम में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सागर, हर-हर महादेव से गूंजा पूरा क्षेत्र

जमशेदपुर, 16 फरवरी : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोनारी स्थित सोनारी दोमुहानी संगम में हजारों शिवभक्तों का अभूतपूर्व जुटान देखने को मिला। भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के इस दिव्य संगम ने पूरे लौहनगरी को शिवमय कर दिया। हर-हर महादेव के गगनभेदी नारों से संगम तट गुंजायमान हो उठा।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने पत्नी सुधा गुप्ता के साथ संगम तट पर विधिवत नदी पूजन कर मां स्वर्णरेखा की आराधना की। इसके उपरांत भव्य स्वर्णरेखा आरती का आयोजन किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में आशुतोष महाराज (अस्सी घाट, बनारस) के नेतृत्व में पंडितों के समूह ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती संपन्न कराई। दीपों की पंक्तियां, शंखनाद और घंटों की अनुगूंज ने वातावरण को अलौकिक बना दिया। अलौकिक पुष्प वर्षा और आकर्षक आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
संगम तट पर भगवान शिव से जुड़ी विभिन्न कलाकृतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। स्थानीय कलाकार कृष्ण मूर्ति द्वारा प्रस्तुत शिव भजनों की मधुर प्रस्तुति ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा क्षेत्र देर रात तक शिवभक्ति में लीन रहा।
उल्लेखनीय है कि मंत्री रहते हुए बन्ना गुप्ता ने ही सोनारी दोमुहानी संगम क्षेत्र का नये सिरे से विकास कराया था, जहां भगवान शिव की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है। महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि सोनारी दोमुहानी संगम आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन चुका है।



