महाशिवरात्रि पर आज शाम सोनारी दोमुहानी संगम घाट पर भव्य स्वर्णरेखा आरती, पुष्प वर्षा और आतिशबाजी होगी विशेष आकर्षण

जमशेदपुर, 15 फरवरी : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोनारी स्थित स्वर्णरेखा दोमुहानी संगम घाट पर इस वर्ष भी आस्था का महा संगम सजने जा रहा है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी भव्य स्वर्णरेखा आरती का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
आयोजन को लेकर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने जानकारी दी कि महा शिवरात्रि की संध्या बेला में घाट पर मनमोहक और दिव्य आरती का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि वाराणसी के प्रसिद्ध अस्सी घाट के आचार्य आशुतोष महाराज के नेतृत्व में काशी के 21 विद्वान पंडित भव्य स्वर्णरेखा आरती संपन्न करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत आज संध्या 5 बजे नदी पूजन से होगी, जिसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य आरती की जाएगी।
आरती के दौरान अलौकिक पुष्प वर्षा और आकर्षक आतिशबाजी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगी। साथ ही भगवान शिव से जुड़ी विभिन्न कलाकृतियों की विशेष प्रदर्शनी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। आयोजन में हजारों शिव भक्तों के जुटान की संभावना है।
घाट परिसर में साफ-सफाई और साज-सज्जा का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। जुस्को एवं जमशेदपुर अक्षेस (अधिसूचित क्षेत्र समिति) के दर्जनों कर्मचारी एवं कार्यकर्ता सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति द्वारा शहरभर में निमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार कृष्ण मूर्ति द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठेगा। प्रेस वार्ता के दौरान अभिषेक सिंह, सुनील गुप्ता एवं गोपी प्रमाणिक भी उपस्थित रहे।
आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक आयोजन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।



