डिमना में श्रद्धा के साथ मनाई गई बाबा तिलका मांझी की 276वीं जयंती

जमशेदपुर, 11 फरवरी : वीर शहीद बाबा तिलका मांझी की 276वीं जयंती के अवसर पर डिमना स्थित बाबा तिलका मांझी चौक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, आंदोलनकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए बाबा तिलका मांझी स्मारक समिति के सचिव मदन मोहन ने कहा कि बाबा तिलका मांझी देश के प्रथम स्वतंत्रता सेनानियों में अग्रणी थे। उन्होंने वर्ष 1785 में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और जल, जंगल, जमीन तथा अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
वक्ताओं ने वर्तमान दौर में बढ़ते औद्योगीकरण से पर्यावरण पर पड़ रहे दुष्प्रभाव पर चिंता जताई और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर झारखंड आंदोलनकारी डेमका सोय, रमेश मुर्मू, सनातन टुडू, दीपक रंजीत, परमेश्वर दास, सोनाराम टुडू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।



