जिले में कुपोषण दर में कमी लाने को ‘समर अभियान’ के तहत प्रशिक्षण आयोजित

सरायकेला, 11 फरवरी : जिला समाहरणालय सभागार में कुपोषण दर में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से ‘समर अभियान’ के सफल क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने की, जबकि प्रशिक्षण सत्र SCoE, RIMS रांची की प्रशिक्षक रीमा कुमारी ने संचालित किया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों की समयबद्ध पहचान, समुचित प्रबंधन और उपचार सुनिश्चित करना तथा विभागों के बीच समन्वय सुदृढ़ करना था। डीएसडब्ल्यूओ ने आंगनवाड़ी सेविकाओं व महिला पर्यवेक्षिकाओं को संभावित प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हितिकरण कर बच्चों को ‘शिशु शक्ति’ (ATHR) एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जटिल मामलों को शीघ्र ‘कुपोषण उपचार केंद्र’ (MTC) में रेफर करने पर भी जोर दिया गया।
अभियान के आंकड़ों को निर्धारित एप पर समयबद्ध अपलोड करने का प्रशिक्षण दिया गया। निर्णय लिया गया कि सभी केंद्रों पर नियमित वजन-ऊंचाई मापन, ग्राम स्तरीय पोषण जागरूकता बैठकें और साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिकाएं व संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।



